CG NEWS :पदोन्नति में TET की अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का मोर्चा,18 अगस्त को सरकार को सौंपेंगे ज्ञापन

प्रविंस मनहर/रायपुर – छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की पदोन्नति में TET की अनिवार्यता को लेकर शिक्षक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर ‘छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा’ का गठन किया है। मोर्चा पदोन्नति में TET की शर्त हटाकर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने सहित कई मांगों को लेकर सरकार के सामने अपनी बात रखेगा।18 अगस्त को शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और DPI को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। शिक्षक संगठनों का कहना है कि पदोन्नति में TET की अनिवार्यता के चलते वर्षों से सेवा दे रहे वरिष्ठ शिक्षकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
शिक्षकों की प्रमुख मांग है कि पदोन्नति के लिए TET की अनिवार्यता को हटाकर वरिष्ठता और सेवा अवधि के आधार पर पदोन्नति की व्यवस्था की जाए। शिक्षक संगठनों ने अपनी मांग के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट की ओर से 2028 तक दी गई छूट का भी हवाला दिया है। इसके अलावा मोर्चा ने वेतन विसंगति दूर करने, पुरानी सेवा की गणना करने और B.Ed. ब्रिज कोर्स से संबंधित मांगों को भी उठाया है। शिक्षक संगठनों का कहना है कि इन मुद्दों का समाधान होने से लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को राहत मिल सकेगी।




