JPSC-JSSC Case: JPSC-JSSC भर्ती मामला, इंटरव्यू में नंबर बढ़ाने होती थी लाखों की डील, CID पूछताछ में आरोपी ने खोले कई राज
रांची। JPSC-JSSC Case: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। JPSC भर्ती मामले में गिरफ्तार आरोपी अभय तिवारी से सीआईडी की पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को 11वीं से 14वीं जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़ी अहम जानकारी मिली है। पूछताछ में अभय तिवारी ने कथित तौर पर बताया कि कुछ अभ्यर्थियों से इंटरव्यू में अधिक अंक दिलाने के नाम पर बड़ी रकम ली गई थी। उसके मुताबिक, FRO और ACF जैसी भर्तियों में चयन के लिए लाखों रुपये की कथित मांग की जाती थी।
Mumbai News: बड़ा हादसा…झोपड़ियों पर गिरा पहाड़ का हिस्सा, 6 लोगों की मौत, मची चीख-पुकार
20 अभ्यर्थियों से करोड़ों की वसूली का दावा
जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, अभय तिवारी ने करीब 20 अभ्यर्थियों से लगभग 5.80 करोड़ रुपये लेने की बात कबूल की है। कथित तौर पर FRO पद के लिए 20 से 25 लाख रुपये और ACF पद के लिए 30 से 35 लाख रुपये तक की रकम तय होने की बात कही गई है। इसके अलावा CDPO परीक्षा में भी पैसे लिए जाने का दावा किया गया है। पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसी अब कथित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अभ्यर्थियों से संपर्क, पैसों के लेनदेन और इंटरव्यू में नंबर बढ़ाने की प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे।
इंटरव्यू बोर्ड को लेकर भी जांच तेज
अभय तिवारी के कथित बयान के आधार पर जांच अधिकारियों का फोकस इंटरव्यू प्रक्रिया पर भी है। आरोप है कि कुछ अभ्यर्थियों को ऐसे इंटरव्यू बोर्ड के सामने भेजने की कोशिश की गई, जहां उन्हें अधिक अंक मिलने की संभावना थी। मामले में सीआईडी अब JPSC की तत्कालीन सदस्य डॉ. अनिमा हांसदा से भी पूछताछ करने की तैयारी में है। इससे पहले एजेंसी अजीता भट्टाचार्या समेत अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
JSSC-JE पेपर लीक में मुंबई से आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच झारखंड JSSC जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की है। रांची पुलिस की विशेष टीम ने मुंबई से अरुण शर्मा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि अरुण शर्मा परीक्षा संचालन और डेटा मैनेजमेंट से जुड़ी एजेंसी बिनसिस का संचालक एवं निदेशक है। पुलिस अब उससे परीक्षा प्रक्रिया, पेपर लीक और अभ्यर्थियों तक कथित तौर पर जानकारी पहुंचने के संबंध में पूछताछ करेगी।
जांच के दायरे में बढ़ सकता है पूरा नेटवर्क
JPSC-JSSC Case: अरुण शर्मा को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांग सकती है। वहीं, JSSC-JE परीक्षा से जुड़े मामले को सीआईडी अपने हाथ में लेने की दिशा में भी आगे बढ़ सकती है। JPSC और JSSC से जुड़े इन मामलों में लगातार हो रही गिरफ्तारियों और पूछताछ के बीच जांच एजेंसियों की नजर अब कथित तौर पर पूरे नेटवर्क को उजागर करने पर है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।




