Narayanpur News: पुलिस निरीक्षक पर गिरी गाज, कमीशनखोरी के आरोप में गिरफ्तारी के बाद भेजे गए जेल
नारायणपुर। Narayanpur News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस विभाग के एक निरीक्षक पर सैलरी पैकेज इंश्योरेंस का क्लेम दिलाने के एवज में कथित रूप से कमीशन मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और प्रारंभिक साक्ष्य मिलने पर अपने ही विभाग के अधिकारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में एक अधिवक्ता की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर उससे अवैध रूप से राशि की मांग की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस निरीक्षक सुरेशचंद्र यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पर्याप्त प्रारंभिक साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सुरेशचंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित कमीशन की मांग किन परिस्थितियों में और किस स्तर पर की गई। इस मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि उसकी भूमिका की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Raipur News: ब्रिज पर अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार, डिवाइडर तोड़ रेलिंग में लटकी, देखें वीडियो
Narayanpur News: नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और अनियमितताओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी यदि अवैध गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ बिना किसी पक्षपात के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदार कार्यप्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा जनता की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।




