Raipur News: घर की तीसरी मंजिल पर चढ़ा मवेशी, घंटों मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू, देखें वीडियो
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में रविवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने आसपास के लोगों को हैरान कर दिया। एक सांड किसी तरह रिहायशी मकान के भीतर घुस गया और सीढ़ियों के रास्ते तीसरी मंजिल तक पहुंच गया। जब मकान और आसपास के लोगों की नजर तीसरी मंजिल पर खड़े सांड पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ऊंचाई पर सांड के होने से किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई थी।
स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर सांड को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नगर निगम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही निगम का अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी देर तक स्थिति का आकलन करने के बाद जेसीबी की मदद ली गई। पूरी सावधानी के साथ चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में सांड को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। नगर निगम की टीम ने पूरे अभियान में इस बात का विशेष ध्यान रखा कि सांड को किसी तरह की चोट न पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में न तो सांड घायल हुआ और न ही किसी व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचा।
ऐसी घटनाओं से कैसे बचें
Raipur News: विशेषज्ञों का कहना है कि शहरों में आवारा मवेशी अक्सर भोजन, पानी और छांव की तलाश में रिहायशी इलाकों और घरों में घुस जाते हैं। कई बार खुले मुख्य दरवाजे या गेट उनके लिए अंदर जाने का रास्ता बन जाते हैं। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए घर का मुख्य गेट या दरवाजा हमेशा बंद रखना चाहिए। यदि किसी घर या परिसर में कोई मवेशी घुस जाए तो उसे खुद बाहर निकालने का जोखिम उठाने के बजाय नगर निगम या संबंधित विभाग को तुरंत सूचना देना अधिक सुरक्षित होता है।




