
प्रविंस मनहर/रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनुपम गार्डन, डंगनिया, डीडी नगर समेत आसपास के इलाकों में घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया। अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर हटाने या बदलने की मांग से जुड़े आवेदन पत्र भी नागरिकों को वितरित किए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है और स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
Advertisement




