Monsoon Diseases: बारिश के आते ही बढ़ा मौसमी बीमारी का खतरा, उलटी-दस्त, डायरिया की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे लोग
राजनांदगांव। Monsoon Diseases: राजनांदगांव जिले में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम में बदलाव और जलभराव की स्थिति के बीच मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सबसे अधिक बच्चे और बुजुर्ग उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अस्पतालों में उल्टी-दस्त, डायरिया, वायरल बुखार, पेट दर्द और संक्रमण जैसी समस्याओं से ग्रसित मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि बारिश के दौरान दूषित पानी और अस्वच्छ खानपान के कारण संक्रमण तेजी से फैलता है। लगातार वर्षा के चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे पेयजल के दूषित होने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, गंदा पानी पीने और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने से पेट संबंधी बीमारियां और संक्रमण होने की आशंका अधिक रहती है।
डॉक्टरों ने नागरिकों से बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीने, ताजा एवं गर्म भोजन करने तथा कटे हुए फल और खुले में मिलने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होती है, इसलिए उन्हें बारिश में भीगने से बचाना और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
Monsoon Diseases: चिकित्सकों ने यह भी कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को उल्टी, दस्त, तेज बुखार, पेट दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो घरेलू उपचार पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए, ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।




