Hapur Accident: दर्दनाक सड़क हादसा… हाईवे पर यात्रियों को रौंदता हुआ निकला ट्रक, बच्ची और युवती की मौत
हापुड़। Hapur Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक बच्ची और एक युवती शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस हाईवे किनारे यात्रियों को उतार रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने बस से उतर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Hapur Accident: यह दुर्घटना हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुई। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर सामान्य कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों और मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




