सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई,नक्सलियों के मंसूबे नाकाम,जंगल से विस्फोटक सामग्री जब्त

प्रविंस मनहर/रायपुर – छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा और छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। जानकारी के मुताबिक पल्लाहूर-जपमरका जंगल क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने BGL लांचर, BGL सेल, गन पाउडर, सुतली बम और बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की।
वहीं मरकाबेड़ा-आदनार-एलूर इलाके में भी जवानों ने कार्रवाई करते हुए 3 नग 12 बोर रायफल, BGL लांचर, 800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर समेत अन्य विस्फोटक सामग्री जब्त की है। यह पूरा ऑपरेशन जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई के तहत चलाया गया। सुरक्षा बल लगातार जंगलों में सर्चिंग अभियान चला रहे हैं ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। बरामद विस्फोटक सामग्री को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे,जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया।




