सूने मकान में चोरों की सेंधमारी, सोने-चांदी के जेवर समेत TV और बॉक्स किया पार, अब चढ़े पुलिस के हत्थे
रायपुर। Raipur News: रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने विधि के साथ संघर्षरत एक बालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला खमतराई थाना क्षेत्र के सुंदर नगर रावांभाठा का है, जहां सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण, टीवी और अन्य सामान पार कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, जब मकान मालिक पारिवारिक कार्यक्रम से लौटे तो ताला टूटा मिला और अलमारी से जेवरात गायब थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चार संदिग्ध नजर आए। जांच के दौरान एक बालक की पहचान हुई, जिसे मुखबिर की सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर इलाके से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों मो. इरफान अंसारी और पप्पू चंद्राकर के साथ चोरी करना कबूला।
Raipur News: वहीं आरोपियों की निशानदेही पर करीब 77 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, टीवी और दो बॉक्स बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी कुलेश साहू अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर लगातार नजर रखी जा रही है।




