तेजस्वी यादव का बड़ा दावा: बिहार में बनेगी सरकार तो एक भी घर नहीं रहेगा बेरोजगार
महागठबंधन के नेता तेजस्वी ने कहा, 14 नवंबर से शुरू होगा बिहार में रोजगार का उत्सव

भागलपुर : भागलपुर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने चुनावी सभा में बड़ा दावा करते हुए कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो बिहार में एक भी घर बेरोजगार नहीं रहेगा। उन्होंने जोड़-तोड़ के बावजूद कहा कि बिहार की जनता इस बार बदलाव चाहती है और महागठबंधन की सरकार बन ही जाएगी।

तेजस्वी ने कहा, “जो काम 20 साल में नहीं हुआ, उसे हम 20 महीनों में कर दिखाएंगे। बिहार के हर घर में रोजगार होगा, पलायन रुकेगा, और महंगाई पर भरोसेमंद नियंत्रण होगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि 11 साल से मोदी और 20 साल से नीतीश के शासन में न तो बेरोजगारी घटी, न पलायन रुका।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में बिना रिश्वत काम नहीं होता, और नीतीश सरकार की शराबबंदी भी पूरी तरह फेल हो चुकी है। गरीब और पिछड़े तबके के लोग इस नीति के कारण जेल जा रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि भागलपुर के 70,000 करोड़ के सृजन घोटाले की जिम्मेदारी भी मोदी-नीतीश सरकार की है।
अपने चुनावी वादों की बात करते हुए तेजस्वी ने कहा, “14 नवंबर को हमारी सरकार बनेगी और जनवरी से महिलाओं के खातों में हर महीने 2,500 रुपए भेजे जाएंगे ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।” साथ ही उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा और पढ़ाई, दवाई, करवाई और सिंचाई की व्यवस्था बेहतर होगी।
महागठबंधन के चेहरों पर सवाल उठाने वालों को उन्होनें जवाब देते हुए कहा कि इस बार बिहार को “बदलाव करने वाला” मुख्यमंत्री मिलेगा जो सिर्फ दिखावे के लिए नहीं बल्कि काम के लिए होगा।
तेजस्वी यादव ने इस दौरान यह भी कहा कि “मोदी वोट बिहार से लेते हैं लेकिन फैक्ट्रियां गुजरात में लगाते हैं,” जो बिहार के विकास में बाधक है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बदलाव के लिए एकजुट हों और महागठबंधन की सरकार बनाएं।
यह बयान तेजस्वी ने जमकर चुनावी जोश दिखाते हुए दिया है और उन्होंने 14 नवंबर के चुनाव परिणाम को बिहार के इतिहास में एक सुनहरे दिन के रूप में याद रखने को कहा है।




