Breaking news
Advertisement
देशदेश-विदेशपॉलिटिक्सबड़ी खबरबिहारबिहार विधानसभा चुनाव 2025ब्रेकिंग न्यूज़

‘घुसपैठिए’ वाले बयान पर भड़के ओवैसी, कहा- तेजस्वी यादव ने हमारा साथ ठुकराया, भुगतना पड़ेगा गंभीर परिणाम

आईएमआईएम (AIMIM) सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी के दौरे ने सीमांचल की राजनीति में उबाल ला दिया है। जोकीहाट पहुंचे ओवैसी ने एक के बाद एक कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और बीजेपी-आरजेडी दोनों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर 'घुसपैठिया' बोलकर सीमांचल को बदनाम करने का आरोप लगाया।

जोकीहाट (अररिया): राजद (RJD) पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके चार विधायकों को खरीद लिए जाने के बावजूद उन्होंने महागठबंधन से हाथ मिलाने की पेशकश की थी, लेकिन तेजस्वी यादव ने इसे ठुकरा दिया, जिसका खामियाजा उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। ओवैसी ने कहा कि सीमांचल की जनता उनके साथ है और वे इंसाफ व हिस्सेदारी की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीमांचल का राजनीतिक तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में, एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाईवे से होते हुए अररिया के जोकीहाट में जोरदार एंट्री की। एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष मुर्शिद आलम की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ओवैसी ने रानी चौक, भेभड़ा चौक और तारण चौक पर जनसभाओं को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखे हमले किए।

बीजेपी पर ‘घुसपैठिया’ बयान को लेकर हमला

ओवैसी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी और अमित शाह ‘घुसपैठिया’ बोलकर सीमांचल के लोगों को बदनाम कर रहे हैं। क्या ये सीमांचल के लोग घुसपैठिए हैं? यहां के किसान मेहनतकश हैं, लेकिन उन्हें उनकी फसल का सही दाम नहीं मिल रहा। और ये कहते हैं कि हमने जीएसटी कम कर दिया।” ओवैसी ने सीमांचल के किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार किसानों के मुद्दों पर मौन है।

तेजस्वी पर साधा निशाना

ओवैसी ने राजद (RJD) पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “मेरे चार विधायकों को खरीद लिया गया, फिर भी मैंने बिहार में मोदी-नीतीश को रोकने के लिए राजद महागठबंधन को समर्थन की पेशकश की थी। लेकिन तेजस्वी यादव ने मेरी पेशकश को ठुकरा दिया।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि राजद को इस गलती की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। “इंसाफ और हिस्सेदारी की हमारी लड़ाई में सीमांचल की जनता मेरे साथ है और इसका असर आगामी चुनाव में दिखेगा,” उन्होंने दावा किया।

ओवैसी ने मुस्लिम समुदाय को भी एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक समाज में एक मजबूत सियासी लीडरशिप पैदा नहीं होगी, तब तक उनका शोषण होता रहेगा। उन्होंने जोकीहाट के लोगों को भरोसा दिलाया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान हमेशा उनके साथ रहेंगे और उनकी आवाज उठाते रहेंगे।

ओवैसी का यह दौरा और उनके तीखे बयान, बिहार चुनाव से पहले सीमांचल में एक नए राजनीतिक समीकरण की ओर इशारा कर रहे हैं।

Advertisement
Tags

Editorjee News

I am admin of Editorjee.com website. It is Hindi news website. It covers all news from India and World. I updates news from Politics analysis, crime reports, sports updates, entertainment gossip, exclusive pictures and articles, live business information .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close