छत्तीसगढ़ के बाढ़ पीड़ितों के लिए मध्यप्रदेश के सीएम ने बढ़ाया हाथ, प्रदान की 5 करोड़ की सहायता राशि
बस्तर। CG News: भारी बारिश की वजह से छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बाढ़ ने तबाही मचाई थी। जिससे की जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गए। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के लिए 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। इसके अलावा, मध्यप्रदेश से राहत सामग्री लेकर एक विशेष ट्रेन भी छत्तीसगढ़ के लिए रवाना की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा इलाके में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से सीएम फंड से 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। राहत सामग्री के साथ ट्रेन भी जल्द ही रवाना की जा रही है। हम हमेशा पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के साथ खड़े हैं। आवश्यकता पड़ने पर और सहायता प्रदान करने के लिए हम तत्पर हैं। प्रधानमंत्री जी की भी यही भावना है कि, संकट के समय सभी राज्य मिलकर सहयोग करें। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश अपने पड़ोसी धर्म का निर्वहन कर रहा है।
CG News: इस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने X पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार जताया साथ ही लिखा कि, “आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद, मोहन यादव जी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, बल्कि आत्मीय बंधन से जुड़े एक परिवार की तरह हैं। आपदा की इस कठिन घड़ी में आपका सहयोग बस्तर संभाग के हमारे प्रभावित जनता के लिए संबल साबित होगा। पुनः धन्यवाद।”





