“बने खाबो — बने रहिबो” अभियान की होगी शुरुआत
“Bane Khabo – Bane Rahibo” campaign will be launched

रायपुर रिपोर्टर:- सुधीर वर्मा
छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेशवासियों को स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक खानपान के प्रति जागरूक करने के लिए एक नई पहल शुरू करने जा रही है। “बने खाबो — बने रहिबो” नामक यह विशेष अभियान 4 अगस्त से 6 अगस्त तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।

अभियान का संचालन खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इस राज्यव्यापी जागरूकता अभियान को प्रदेश के सभी 33 जिलों में एक साथ क्रियान्वित किया जाएगा।

मुख्य उद्देश्य
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक भोजन की आदतों के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, यह अभियान खाद्य प्रदायकर्ताओं यानी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैंटीन, स्ट्रीट फूड विक्रेता आदि को FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) के दिशा-निर्देशों से अवगत कराएगा। इसके ज़रिए उन्हें स्वच्छता मानकों का पालन करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

जनजागरूकता पर विशेष जोर
इस दौरान जागरूकता रैलियां, पोस्टर, बैनर, व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को जानकारी दी जाएगी कि कैसे दूषित व मिलावटी खाद्य पदार्थ उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचा सकते हैं। साथ ही लोगों को यह भी बताया जाएगा कि साफ-सफाई और संतुलित आहार का उनके जीवन और परिवार के स्वास्थ्य पर कितना सकारात्मक असर पड़ता है।
इस अभियान की विधिवत शुरुआत 4 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम रायपुर में आयोजित किया जाएगा, जहां विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। यह अभियान न केवल स्वस्थ छत्तीसगढ़ की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह लोगों की खाद्य सुरक्षा और जागरूकता को भी एक नई दिशा देगा।




