
रायपुर : पाकिस्तान में भारतीय वायुसेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों के जवाब में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने हमारी माताओं-बहनों का सिंदूर उजाड़ा, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे वीर जवानों ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस समय राजनीति करने की बजाय पूरा देश एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने विपक्ष को नसीहत दी कि इस तरह के मुद्दों पर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश न की जाए, क्योंकि यह देश की सुरक्षा और गर्व से जुड़ा मामला है।
वहीं, राहुल गांधी ने बीते तीन दिनों में दो बार विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को निशाने पर लिया है। उन्होंने 19 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विदेश मंत्री की चुप्पी को “निंदनीय” बताया और सवाल उठाया कि उन्हें यह निर्णय लेने का अधिकार किसने दिया।
इसके पहले, 17 मई को राहुल गांधी ने एक न्यूज चैनल का वीडियो शेयर करते हुए विदेश मंत्री पर पाकिस्तान को जानकारी देने का आरोप लगाया था और वायुसेना के विमानों को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया था। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि सरकार ने पूरी जिम्मेदारी और रणनीति के साथ कार्रवाई की है।
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जहां एक तरफ सत्तापक्ष इसे भारत की सैन्य सफलता बता रहा है, वहीं विपक्ष सवाल उठा रहा है, जिससे देश की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है।




