
छत्तीसगढ़ के जांजगीर में रविवार को कांग्रेस ने ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ दीपक बैज ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। रैली में धर्म, आरक्षण, आतंकवाद, संविधान संरक्षण और जातिगत जनगणना जैसे मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं ने खुलकर अपनी बात रखी।
भूपेश बघेल ने युद्धविराम पर सवाल उठाए, सेना को दी बधाई
भूपेश बघेल ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए भारतीय सेना को बधाई दी, लेकिन युद्धविराम के फैसले को अमेरिका के दबाव में लिया गया कदम बताते हुए गलत करार दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मंत्री द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के एक केंद्रीय मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाई, जो सीधे तौर पर राजद्रोह है।
“अगर इंदिरा गांधी होतीं तो पाकिस्तान के दो टुकड़े हो जाते”
बघेल और दीपक बैज दोनों ने पहलगाम आतंकी हमले पर केंद्र सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि पहलगाम में धर्म पूछकर लोगों को मारा गया, लेकिन न सेना पहुंची, न पुलिस। उन्होंने दावा किया कि अगर आज इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री होतीं, तो पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट जाता।
जातिगत जनगणना कांग्रेस की जीत: भूपेश बघेल
भूपेश बघेल ने जातिगत जनगणना को कांग्रेस की वैचारिक जीत बताया और कहा कि राहुल गांधी के दबाव के बाद केंद्र सरकार इसके लिए राजी हुई है। उन्होंने महिला आरक्षण और अन्य सामाजिक मुद्दों पर भी कांग्रेस की भूमिका को अहम बताया।
“भाजपा बदलना चाहती है संविधान”
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को बदलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘महतारी वंदन योजना’ के जरिए जनता को ठगा जा रहा है, जबकि असली हक मजदूरों से छीना जा रहा है।
दीपक बैज का हमला: संविधान, आरक्षण और आदिवासी अधिकारों पर संकट
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संविधान आज सबसे बड़े खतरे में है। उन्होंने भाजपा पर डॉ. अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आरक्षण प्रणाली को खत्म करने की साजिश चल रही है।
उन्होंने कहा कि बस्तर की जमीन खाली कराने की कोशिश हो रही है, जबकि वह क्षेत्र संविधान की 5वीं अनुसूची के तहत संरक्षित है।
“घर-घर जाकर संविधान बचाएंगे”
दीपक बैज ने ऐलान किया कि कांग्रेस संभाग, जिला और गांव स्तर तक जाकर लोगों को संविधान की रक्षा के लिए जागरूक करेगी। उन्होंने रैली का समापन “जय भीम” के नारे के साथ किया।




