स्वामी प्रसाद मौर्य पर फेंका गया जूता, ओबीसी महासम्मेलन के दौरान हुई घटना

उत्तर प्रदेश। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूता फेंकने का मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी के ओबीसी महासम्मेलन में वकील के भेष में आए आकाश सैनी नाम के शख्स ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूता फेंका है।
हमले में स्वामी प्रसाद मौर्य बाल-बाल बच गए। जूता उन तक नहीं पहुंच पाया। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों और स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। युवक ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य के हालिया बयानों से वह दुखी था। वह पूजा-पाठ करने वाला व्यक्ति है। ऐसे में स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस प्रकार के बयानों से हमें दुखी किया। इसलिए, हमने अपना विरोध जताया। पुलिस आरोपी को लेकर थाने गई है।




