शिक्षक की घिनौनी करतूत : 18 लड़कियों का यौन शोषण करने के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, स्कूल प्रिंसिपल सहित 3 निलंबित

उत्तर प्रदेश। शाहजहांपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को कथित तौर पर 18 लड़कियों का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। स्कूल के प्रिंसिपल और एक सहायक शिक्षक पर भी आरोपी कंप्यूटर शिक्षक का समर्थन करने का आरोप है। तीनों आरोपियों पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, आईपीसी और POCSO (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र का है। एक कंप्यूटर प्रशिक्षक, स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करता था। उसे प्रिंसिपल और एक अन्य शिक्षिका का समर्थन प्राप्त था। ग्राम प्रधान लालता प्रसाद ने सभी आरोपियों के खिलाफ तिलहर थाने में तहरीर दी है। लड़कियों में से एक ने अपने माता-पिता को बताया कि उसके कंप्यूटर शिक्षक उसे और अन्य छात्राओं को अनुचित तरीके से छूते थे। इसके बाद इन लड़कियों के माता-पिता स्कूल पहुंचे, जहां निरीक्षण के दौरान स्कूल के शौचालय से इस्तेमाल किए गए कंडोम भी बरामद हुए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सहायक शिक्षक समेत प्राचार्य को निलंबित कर दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।



