
बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक स्कूल टीचर मौत हो गई है। टीचर रोज की तरह अपनी स्कूटी से स्कूल जा रही थी। तभी रास्ते में अचानक कुत्ता आ गया, जिसे देखकर टीचर हड़बड़ा गई और उनकी स्कूटी खड़ी पिकअप से जा टकराई। गंभीर हालत में टीचर को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार उसलापुर स्थित सांई आनंदनम के पास रहने वाली रीता सिदार (35) की पोस्टिंग मस्तूरी ब्लॉक के दर्री घाट हाईस्कूल में थीं। वह रोज की तरह बुधवार की सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए अपनी स्कूटी से निकली थी। करीब 7.30 बजे वह लालखदान फाटक के पास पहुंची थीं। तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पार करने लगा, जिसे देखकर टीचर घबरा गई और उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई।
हादसे के बाद टीचर बुरी तरह घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टीचर से बातचीत की, तब पता चला कि उनकी पोस्टिंग दर्रीघाट में है। इस पर पुलिसकर्मियों ने दर्रीघाट के सरपंच सहित टीचरों से संपर्क किया। जानकारी मिलते ही स्कूल के टीचर वहां पहुंच गए। घायल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।




