यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, दो की मौत, 12 घायल

बिहार। रोहतास जिले के शिवनगर थाना क्षेत्र में सासाराम-चौसा पथ पर अनियंत्रित होकर एक यात्री बस पलट गई। हादसे में बस में सवार एक लड़की समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यात्री बस करगहर से सासाराम जा रही थी। जो अचानक सड़क किनारे पलट गई और चार बार पलटने के बाद रूकी। यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तुरंत राहत और बचाव शुरू किया गया। मौके पर स्थानीय थाने की पुलिस टीम भी पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक नाबालिग लड़की समेत दो लोगों की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिमरिया निवासी राधेश्याम सिंह और शिवसागर के गरूरा गांव निवासी डोली कुमारी के रूप में की गई है।
दोनों की मौत होने के बाद उनके परिजन और स्थानीय लोग शव के साथ फिर से घटनास्थल पहुंच गए और सड़क को जाम कर दिया। वहीं हादसे में घायलों ने कहा कि बस की रफ्तार काफी तेज थी, इसी कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद कई लोग बस के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला जा सका।




