UGC Scholarship Schemes: अब पढ़ाई के लिए नहीं होगी पैसों की चिंता, UGC जल्द शुरू करेगा दो स्कॉलरशिप योजनाएं, मिलेगी 1.5 लाख रुपये तक की सहायता
नई दिल्ली। UGC Scholarship Schemes: उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) जल्द ही दो प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इनमें नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज (NSPG) और ईशान उदय स्पेशल स्कॉलरशिप योजना शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की तिथि जल्द घोषित की जाएगी, जिसके बाद पात्र छात्र नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
UCC In CG: प्रदेश में UCC की तैयारी तेज, सरकार ने जनता से मांगे सुझाव, इसदिन तक दे सकते हैं अपनी राय
दो योजनाओं के तहत मिलेगा लाभ
यूजीसी की पहली योजना नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज (NSPG) है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर (PG) शिक्षा जारी रखने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है। वहीं, ईशान उदय स्पेशल स्कॉलरशिप विशेष रूप से पूर्वोत्तर राज्यों के छात्रों के लिए संचालित की जाती है, ताकि आर्थिक अभाव उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
NSPG में 1.5 लाख रुपये तक की सहायता
इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को दो वर्षों तक प्रति माह 10,000 रुपये की दर से कुल 1.5 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसका लाभ उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित या फुल-टाइम पोस्ट ग्रेजुएशन के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है।
ईशान उदय योजना में 10 हजार से 80 हजार रुपये तक
ईशान उदय स्पेशल स्कॉलरशिप के अंतर्गत पूर्वोत्तर राज्यों के पात्र विद्यार्थियों को उनके पाठ्यक्रम के अनुसार प्रति वर्ष 10,000 रुपये से 80,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता तीन से पांच वर्षों तक जारी रहेगी।
पात्रता की मुख्य शर्तें
ईशान उदय योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही उसे किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित स्नातक (UG) पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेना होगा।
जल्द जारी होगी आवेदन तिथि
UGC Scholarship Schemes: यूजीसी ने बताया है कि दोनों छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। अधिसूचना जारी होने के बाद पात्र अभ्यर्थी National Scholarship Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें।




