पुलिस की गोदाम में दबिश, अवैध नशीले पदार्थों का जखीरा बरामद, ई-सिगरेट, गोगो समेत 25 लाख से अधिक का माल जब्त
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीले पदार्थों के एक बड़े जखीरे का भंडाफोड़ किया है। DCP नॉर्थ मयंक गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खमतराई थाना क्षेत्र स्थित एक गोदाम में दबिश दी, जहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले सामान बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान ई-सिगरेट, प्रतिबंधित गोगो, हुक्का पॉट सहित अन्य नशीले उत्पाद जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए इन सभी सामानों की बाजार कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यह गोदाम लंबे समय से अवैध तरीके से नशीले उत्पादों के भंडारण और सप्लाई का केंद्र बना हुआ था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोदाम के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
Raipur News: प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नेटवर्क शहर सहित आसपास के इलाकों में नशे के सामान की सप्लाई कर रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।





