Raipur News: कोविड पैरोल के बाद हुआ फरार, 5 साल तक ढूंढती रही पुलिस, अब ऐसे हुआ गिरफ्तार
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर पुलिस को हत्या के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता मिली है। कोविड-19 महामारी के दौरान पैरोल पर रिहा होने के बाद पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को सरस्वती नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर उसे बसना क्षेत्र से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना सरस्वती नगर में वर्ष 2012 में हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी और बलवा जैसी गंभीर धाराओं के तहत दर्ज मामले का आरोपी सोहेल उर्फ जिमी, निवासी कोटा रायपुर, न्यायिक अभिरक्षा में अंबिकापुर केंद्रीय जेल में बंद था। वर्ष 2021 में कोविड-19 के दौरान शासन के निर्देश पर उसे अस्थायी पैरोल मिली थी, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और करीब पांच वर्षों तक फरार रहा। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर निगरानी कर रही थी।
Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: अभिनेता राजपाल यादव को झटका, हाईकोर्ट ने सुनाई सजा, फिर जाएंगे जेल
Raipur News: नौ जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी बसना क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजीत सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




