मदरसे में 9 साल के बच्चे की हत्या, नाबालिग छात्र ने दिया वारदात को अंजाम

उत्तरप्रदेश। बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र में धमेड़ा रोड स्थित एक मदरसे में 9 वर्षीय छात्र की ईंट से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी मृतक के साथ मदरसे में ही पढ़ाई करता है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में ले लिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा निवासी 9 वर्षीय आले हसन नगर के धमेड़ा रोड स्थित एक मदरसे में तालीम ले रहा था। बताया गया कि उसके साथ मदरसे में उसके ही गांव निवासी एक अन्य 15 वर्षीय छात्र भी तालीम लेता है। शनिवार देर रात दोनों छात्र मदरसे की छत पर खेल रहे थे। उसी दौरान दोनों का आपस में विवाद हो गया। इससे गुस्साए आरोपी छात्र ने आले हसन के सिर पर ईंट से वार कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान मदरसे के अन्य छात्र भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि आरोपी ने किसी कपड़े से मृतक के गले पर फंदा भी लगाया था। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी छात्रों को हिरासत में ले लिया है।




