CG Weather Update: प्रदेश में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश के आसार, अगले 5 दिन कई जिलों में अलर्ट जारी
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटों से मानसून पूरी तरह सक्रिय है। राजधानी रायपुर समेत सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। वहीं मौसम सुहाना होने के साथ कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई है।
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, मानसूनी सिस्टम के सक्रिय रहने से कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। इसके मद्देनजर संबंधित जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
CG Weather Update: प्रशासन ने भी स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून का प्रभाव बना रहेगा और कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।




