Rajasthan Accident: दर्दनाक हादसा… दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस, 8 लोगों की मौत, 21 घायल
दौसा। Rajasthan Accident: राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्लीपर बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र के तनावाड़ इलाके में जीरो पॉइंट के पास सुबह करीब 2:30 बजे हुई। ऋषिकेश से इंदौर जा रही स्लीपर बस तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
CG Transfer List: इस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 अधिकारियों के तबादले, देखें ट्रांसफर लिस्ट
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छह यात्रियों की मौत आग में झुलसने से, जबकि दो अन्य की मौत टक्कर के दौरान गंभीर चोट लगने से हुई। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को सफर के दौरान झपकी आने से हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। इस बीच स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बस के लगेज कंपार्टमेंट में बड़ी मात्रा में सिगरेट के कार्टन रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद सबसे पहले आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस और दमकल विभाग की टीमें कुछ देर बाद मौके पर पहुंचीं। तब तक बस पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी।
एक घंटे तक बाधित रहा एक्सप्रेसवे पर यातायात
आग लगने से स्लीपर बस और ट्रेलर दोनों पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर यातायात लगभग एक घंटे तक प्रभावित रहा। बाद में जले हुए वाहनों को हटाकर मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोला गया।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच शुरू
Rajasthan Accident: घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान, हादसे के कारणों और आग लगने की वास्तविक वजह की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।




