Pulse Polio Campaign: आज से शुरू हुआ राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, प्रदेश के करीब 36 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
रायपुर। Pulse Polio Campaign: प्रदेशभर में आज से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 35 लाख 98 हजार 904 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दो बूंद पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेशभर में 28,791 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 57 हजार से अधिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वयंसेवक शामिल रहेंगे। ये टीमें बूथों के साथ-साथ दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बच्चों तक पहुंचेंगी।
अभियान के पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
Pulse Polio Campaign: स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान को लेकर प्रदेश के सभी 33 जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य कायम रखा जा सके।



