अंधविश्वास में युवती ने जीभ काटकर मंदिर में देवी मां को चढ़ा दी, फिर हुआ कुछ ऐसा….

मध्य प्रदेश। लोग अंधविश्वास के चक्कर में किसी भी हद तक चले जाते हैं फिर चाहे बात उनकी जान पर भी क्यों न बन आए। ऐसे लोगों को समय रहते सही समझाईश दे दी जाए तो बड़ी घटना टल सकती है। ऐसा ही एक अंधविश्वास से जुड़ा मामला सीधी जिले से सामने आया जहां एक युवती ने अपना जीभ काटकर देवी मां को समर्पित कर दी। जिसके बाद युवती बेहोश हो गई। ऐसे में वहां मौजूद भक्तों ने उसकी मदद करना छोड़ अंधविश्वास को बढ़ाने का काम किया।
मामला अमिलिया थानाक्षेत्र के बड़ागांव गांव का है। घटना गुरुवार सुबह 11 बजे की है। युवती के पिता लालमणि पटेल का कहना है कि वह घर पर नहीं थे। किसी ने उनको फोन पर इस बारे में सूचना दी। जब वे मंदिर पहुंचे तो देखा कि बेटी बेहोशी की हालत में मंदिर में पड़ी हुई है। जबकि उसकी जीभ भी वहीं पड़ी हुई थी। लेकिन किसी ने भी उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया। बल्कि वहां पूजा अर्चना का दौर जारी रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर के साथ मंदिर पहुंची। युवती का चेकअप किया गया। उसे अस्पताल ले जाने की बात की गई तो मंदिर में मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि जब तक युवती की जीभ वापस नहीं आ जाती, मंदिर में पूजा-अर्चना जारी रहेगी। लेकिन पुलिस और परिजनों की मदद से युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि युवती की हालत खतरे से बाहर है।




