Vietnam Boat Accident : भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 लोगों की मौत, राहत-बचाव अभियान जारी
नई दिल्ली। Vietnam Boat Accident: वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के समीप शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। भारतीय दूतावास भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और वियतनामी अधिकारियों के संपर्क में है।
नाव में कुल 36 लोग थे सवार
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, नाव में कुल 36 लोग मौजूद थे। इनमें 32 भारतीय पर्यटक, तीन चालक दल (क्रू) के सदस्य और एक अटेंडेंट शामिल था। हादसे में 15 भारतीयों की जान चली गई, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
होन में रुट से लौटते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नाव होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह लौट रही थी। इसी दौरान तट से लगभग 400 मीटर की दूरी पर समुद्र में नाव अचानक पलट गई। बताया जा रहा है कि उस समय समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं, जिससे नाव असंतुलित हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक जांच जारी है।
भारतीय दूतावास ने बनाई इमरजेंसी टीम
हादसे के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर भी स्थापित किए गए हैं, ताकि जरूरतमंदों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा सके। फू क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप है और हाल के वर्षों में भारतीय पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है। बड़ी संख्या में भारतीय यहां समुद्री पर्यटन और अवकाश बिताने के लिए पहुंचते हैं।
जांच जारी, हर पहलू की होगी पड़ताल
Vietnam Boat Accident: स्थानीय प्रशासन हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच में खराब मौसम, समुद्री परिस्थितियों और नाव के संचालन से जुड़े सभी पहलुओं को शामिल किया गया है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों की सहायता और हादसे से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करना है।




