कहलगांव: कहलगांव में बाइक चोरों का एक ऐसा गिरोह सक्रिय था, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों, विशेषकर मेलों और हाट-बाजारों को निशाना बनाकर पलक झपकते ही बाइक चुरा लेता था। चोरी की इन बाइकों को गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में खपा देते थे। इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कहलगांव पुलिस ने पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की चार बाइक और पांच मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस की यह सफलता एक गुप्त सूचना और सुनियोजित छापेमारी का नतीजा है।
एसडीपीओ कल्याण आनंद ने इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को 2 सितंबर की सुबह एक गुप्त सूचना मिली थी कि सूरज कुमार नाम का एक युवक बाइक चोरी के इरादे से शारदा पाठशाला के बगल में स्थित एनएच-80 पर घूम रहा है। यह सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एक गश्ती टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही सूरज कुमार भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज कुमार, पिता कृष्णा सिंह, नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के आत्मा गांव का निवासी बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने न सिर्फ बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि अपने पूरे गिरोह का खुलासा भी कर दिया। उसने बताया कि उसके साथ बाइक चोरी में और भी लोग शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक को सूचित किया गया और एसडीपीओ कल्याण आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। सूरज द्वारा बताए गए ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस छापेमारी में पुलिस को कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिनमें दो पल्सर, एक हीरो ग्लैमर और एक बजाज डिस्कवर शामिल हैं। साथ ही चोरी में शामिल चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रानीपुर गांव के निरंजन प्रसाद यादव के पुत्र अभिमन्यु कुमार उर्फ मिथुन कुमार (25), निरंजन प्रसाद के ही पुत्र प्रदीप कुमार साह उर्फ राजा, रामपुर गांव के सुरेश यादव के पुत्र धर्मेंद्र यादव (20) और मेहरमा थाना क्षेत्र के बुधासन गांव से जर्मन सोरेन के पुत्र आनंद सोरेन (20) के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के पास से पांच स्क्रीन टच मोबाइल और चार बाइक बरामद की हैं। एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह में शामिल दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
गठित एसआईटी टीम में एसडीपीओ कल्याण आनंद के अलावा थानाध्यक्ष श्यामला कुमार, पुलिस निरीक्षक मुकलेश कुमार राम, पुलिस निरीक्षक सूरज सिंह, पुलिस निरीक्षक परितोष कुमार दास, सहायक निरीक्षक महानंद सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस सफल कार्रवाई से इलाके में बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।




