Rahul Gandhi Dharna: पैलेट गन मामले में DCP कार्यालय पहुंचे राहुल-प्रियंका गांधी, FIR की मांग को लेकर दिया धरना

नई दिल्ली। Rahul Gandhi Dharna: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन फायरिंग में घायल छात्र साहिल लोचब और उनकी मां के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग स्थित DCP कार्यालय पहुंचे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि घटना को लेकर दिल्ली पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही है और जांच अधिकारी की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
FIR की मांग पर DCP कार्यालय पहुंचे राहुल
राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पैलेट गन के कथित इस्तेमाल और छात्र के घायल होने की घटना की जांच की मांग की। इस दौरान उनकी संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद और DCP सचिन शर्मा के साथ बातचीत हुई। राहुल गांधी का कहना है कि मामला गंभीर आपराधिक घटना से जुड़ा है, इसलिए शिकायत पर FIR दर्ज की जानी चाहिए। वहीं पुलिस का पक्ष है कि शिकायत प्राप्त कर ली गई है और जंतर-मंतर प्रदर्शन से संबंधित पहले से दर्ज FIR की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है।
बातचीत के बाद जमीन पर बैठे राहुल
पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद भी जब मामला नहीं सुलझा तो राहुल गांधी DCP कार्यालय के बाहर जमीन पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, तब तक वह धरना खत्म नहीं करेंगे। राहुल गांधी के धरने की जानकारी मिलते ही प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला और सुप्रिया श्रीनेत समेत कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंच गए।
थाने में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
राहुल गांधी के समर्थन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी संसद मार्ग थाने के भीतर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने वहीं बैठकर भजन और देशभक्ति गीतों के जरिए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी अपने साथ चरखा भी लेकर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने मौके पर RAF की एक टुकड़ी भी तैनात की।
राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि 20 जुलाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान छात्र साहिल लोचब पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिससे उसके शरीर और आंख में छर्रे लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्र की एक आंख की रोशनी प्रभावित हुई है। राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में FIR दर्ज होना जरूरी है और घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार पर संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
‘FIR दर्ज होने तक नहीं हटेंगे’
Rahul Gandhi Dharna: धरने के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मांग केवल FIR दर्ज करने और जांच अधिकारी की जानकारी उपलब्ध कराने की है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की ओर से उन्हें बताया गया कि FIR दर्ज नहीं की जाएगी। फिलहाल राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं का विरोध जारी है, जबकि दिल्ली पुलिस मामले से जुड़ी शिकायत और पहले से दर्ज FIR की जांच का हवाला दे रही है। पूरे मामले में अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।




