दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं का विरोध प्रदर्शन,भूपेश बघेल ने कसा तंज

प्रविंस मनहर/रायपुर – मध्यप्रदेश में राज्य सभा की कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार रात दिल्ली स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट,के. सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश भी मौजूद रहे।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश के रिटर्निंग ऑफिसर ने शाम 5:30 बजे सुनवाई का समय दिया था,लेकिन उसी दौरान कार्यालय बंद हो गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कार्यालय ही बंद हो गया,तो कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन रद्द करने के फैसले के खिलाफ आवेदन आखिर कहां और कैसे जमा किया जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस मामले की निष्पक्ष सुनवाई जरूरी है। वहीं, पार्टी ने चुनाव आयोग से पूरे प्रकरण में तत्काल हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है।




