Anuj Sharma On Nakti Gaon: नकटी गांव मामले पर विधायक अनुज शर्मा का बयान, कहा-‘किसी गरीब के साथ अन्याय नहीं होगा’, कांग्रेस पर भी साधा निशाना
रायपुर। Anuj Sharma On Nakti Gaon: माना स्थित नकटी गांव में चल रही बेदखली कार्रवाई को लेकर विधायक अनुज शर्मा ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार किसी भी गरीब परिवार के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
विधायक ने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने की प्रक्रिया पहले से शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि रायपुर के सेक्टर-30 में 75 परिवारों को फ्लैट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष पात्र परिवारों को भी जल्द आवास उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार बेघर न रहे।
अनुज शर्मा ने कहा कि जिस भूमि पर कार्रवाई की जा रही है, वह सरकारी प्रयोजनों के लिए आरक्षित है और वहां प्रस्तावित विधायक कॉलोनी का निर्माण किया जाना है। उन्होंने कहा कि जमीन के वैध या अवैध कब्जे का विषय जांच और राजस्व अभिलेखों से जुड़ा मामला है, लेकिन सरकार ने पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि कई प्रभावित परिवारों को नवा रायपुर में आवास उपलब्ध कराया जा चुका है और अन्य परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी जारी है। सरकार सभी पात्र हितग्राहियों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस द्वारा बेदखली कार्रवाई को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुज शर्मा ने कहा कि किसी का आशियाना उजाड़ने का काम नहीं किया जा रहा है, बल्कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस भूमि को लेकर विवाद हो रहा है, उसे कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही सरकारी उपयोग के लिए आरक्षित किया गया था और उससे संबंधित आदेश भी उसी समय जारी किए गए थे।
Anuj Sharma On Nakti Gaon: विधायक ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। उनका आरोप है कि पहले भी ऐसे मामलों में कांग्रेस प्रभावित लोगों के साथ नहीं खड़ी हुई थी और इस बार भी केवल राजनीति करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल नकटी गांव में प्रशासन की बेदखली कार्रवाई जारी है, जबकि सरकार का कहना है कि सभी पात्र प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।




