26 जनवरी को लेकर चल रही थी बड़ी साजिश ! पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की जब्त, एक युवक को भी किया गिरफ्तार
नागौर। Nagaur News: राजस्थान के नागौर जिले से थांवला थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए विस्फोटक पदार्थ का बड़ा जखीरा बरामद किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से पहले ये विस्फोटक पदार्थ बरामद कर बड़ी साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने ग्राम सरहद हरसौर स्थित एक खेत में बने मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है।
बता दें कि,इस मामले में पुलिस ने 58 वर्षीय आरोपी सुलेमान खान पुत्र करीम खान को गिरफ्तार किया है। जिस पर पहले भी तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज है। जानकारी के अनुसार पुलिस की स्पेशल टीम को सूचना मिली थी की क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध विस्फोटक का भंडारण किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने कल योजना बनाकर आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से करीब 9 हजार 550 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया है। जिसे 187 कट्टों में भरकर रखा गया था।
Nagaur News: वहीं इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, सुलेमान ने अपने खेत में विस्फोटक सामग्री छिपा रखी थी, जिसमें 187 कार्टन में 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, 9 कार्टन डेटोनेटर, नीले रंग के तार के 15 बंडल, लाल रंग के तार के 9 बंडल और अन्य चीजें शामिल थी। फिलहाल पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है की उसने इसे कहां से लाया था और इसका इस्तेमाल कहां करने वाला था।




