Korba News: गए थे आरोपी को पकड़ने लेकिन खुद ही नप गए अधिकारी, TI समेत 8 सस्पेंड, जानें आखिर क्या है पूरा मामला

कोरबा। Korba News: करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने दिल्ली गई कटघोरा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम पर विभागीय कार्रवाई हुई है। आरोपी की तलाश में पुलिसकर्मियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रेन से जाने के बजाय बिना अनुमति फ्लाइट से दिल्ली की यात्रा की, जिसके बाद बिलासपुर रेंज आईजी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए थाना प्रभारी समेत टीम के सभी आठ सदस्यों को निलंबित कर दिया।
50 करोड़ की ठगी के मामले में फरार था आरोपी
मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। यहां एक वाहन एजेंसी संचालक से करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। प्रकरण में मुख्य आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। साइबर थाना की मदद से आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की जा रही थी। इसी दौरान उसके दिल्ली में मौजूद होने की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद कटघोरा थाना प्रभारी मोती पटेल के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम को दिल्ली रवाना किया गया।
ट्रेन की जगह फ्लाइट से गए पुलिसकर्मी
पुलिस विभाग के नियमानुसार टीम को यात्रा के लिए ट्रेन का टिकट बनवाकर दिल्ली जाना था। आरोप है कि पुलिस टीम ने अधिकारियों से अनुमति लिए बिना रायपुर से दिल्ली की फ्लाइट ली। बताया गया कि इस हवाई यात्रा का खर्च पीड़ित वाहन एजेंसी संचालक ने वहन किया। दिल्ली पहुंचकर टीम ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया और बाद में वापस लौट आई।
TI समेत 8 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
फ्लाइट से यात्रा किए जाने की जानकारी बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कटघोरा थाना प्रभारी मोती पटेल समेत टीम में शामिल सभी आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित टीम में विवेचना अधिकारी राम पांडेय, आरक्षक प्रदीप राठौर, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, साइबर थाना के प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, सुशील यादव और लाइन में पदस्थ आरक्षक प्रशांत सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
SP ने बताई कार्रवाई की वजह
Korba News: एसपी सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने बिना सक्षम अनुमति के हवाई यात्रा की थी। इस मामले को रेंज आईजी के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद टीम के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




