Mungeli Accident: आबकारी विभाग की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल, नहर में पलटा सरकारी वाहन
मुंगेली। Mungeli Accident: मुंगेली जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां मुंगेली-लोरमी नहर रोड पर आबकारी विभाग के वाहन और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आबकारी विभाग का वाहन अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया, जिससे उसमें सवार विभागीय कर्मचारी भी घायल हो गए।
Cabinet Meeting:सीएम साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आज,कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंगेली-लोरमी नहर मार्ग पर आबकारी विभाग की गाड़ी ने बाइक पर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बैगाकापा निवासी अंकित यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद आबकारी विभाग का वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से उतरकर नहर में जा पलटा। हादसे में वाहन में सवार आबकारी विभाग के कर्मचारी भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
Mungeli Accident: दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि हादसा लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।




