मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़ मामले में पुलिस की कार्रवाई, 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
रायपुर। Magneto Mall Case: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्थित मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है। दर्ज प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 190, 191(2), 324(2) और 331(3) के तहत केस कायम किया गया है।
दरअसल, कांकेर में हुई घटना के विरोध में 24 दिसंबर को सर्व समाज द्वारा प्रदेश बंद का आह्वान किया गया था। बंद के दौरान अलग-अलग संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और बाजार बंद कराने निकले थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ते हुए हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, बंद के दौरान उपद्रव मचाते हुए कार्यकर्ताओं के एक समूह ने मैग्नेटो मॉल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। सैकड़ों लोग मॉल में घुसकर मौजूदा कर्मचारीयों से उनका धर्म पूछ पूछकर बदसलुकी करने का आरोप भी लगाया जा रहा है।
Magneto Mall Case: इसके अलावा ब्लिंकिट स्टोर सहित आसपास स्थित कई निजी अपार्टमेंट और प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया गया। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आम नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और CCTV फुटेज, वीडियो क्लिप और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।




