CG Board : प्रदेश में आज हिंदी विषय से शुरू हुई दसवीं की परीक्षा…3 लाख से ज्यादा विद्यार्थी हो रहे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। 10वीं की आज हिंदी विषय से परीक्षाओं की शुरुआत हुई। 10वीं बोर्ड परीक्षा में 3 लाख 23 हजार 227 नियमित और 7 हजार 330 स्वाध्यायी विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। इसके लिए प्रदेशभर में 2 हजार 523 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दसवीं की परीक्षाएं 3 मार्च से 24 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इससे पहले शनिवार को 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं भी हिंदी विषय से शुरू हुई थी।
10वीं की परीक्षा सुबह 9ः15 बजे से 12ः15 बजे तक होगी। इस बार 12वीं की तुलना में 10वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक है।
गौरतलब है कि इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा के साथ-साथ उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी भी पूरी कर ली है। जिसके तहत 15 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया जाएगा।




