कूनो नेशनल पार्क में चीतों की गर्दन पर मिले गहरे घाव, डॉक्टरों की टीम ने शुरू किया इलाज

मध्यप्रदेश। कूनो नेशनल पार्क में 4 दिन में दो चीतों की त्वचा संक्रमण से हुई मौत के बाद अब अन्य चीतों को त्वचा संक्रमण से बचाव के लिए प्रिवेंशन मेडिसन के रूप में गन से ड्रग इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। 3 चीतो में त्वचा संक्रमण की जानकारी सामने आई है।
इनमें से चीता पवन (ओबान) को पकड़कर जब बेहोश करने के बाद उसकी गर्दन पर लगे कॉलर आईडी को हटाया गया तो गहरा घाव मिला है, जिसमें कीड़े भी पड़े हुए थे। नर चीता पवन का उपचार शुरू कर दिया गया है। हालांकि दो दूसरे चीतों गौरव और शौर्य की अभी तलाश जारी है।
कूनो पार्क में अभी 4 डॉक्टर मौजूद हैं, लेकिन 4 डॉक्टर ग्वालियर, भोपाल से और बुलाए गए हैं। जिसके बाद 2-2 डॉक्टरों की टीम चीतों को बंदूक से ड्रग इंजेक्ट करेगी। अभी मौजूद 4 डॉक्टरों की 2 टीमों ने ड्रग इंजेक्ट शुरू कर दिया है। बताया गया है कि दो दिनों में 2 चीतों को इंजेक्ट भी किया जा चुका है।




