
दुर्ग। गंजपारा में गणेश विसर्जन के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने नाबालिग का चाकू से गला काट दिया। लोगों ने नाबालिग को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन खून ज्यादा बह जाने से उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को देर रात सूचना मिली कि नाका चौक गंजपारा में किसी नाबालिग की हत्या कर दी गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि गोपी ढीमर का चाचा राकेश ढीमर गणेश विर्सजन में डीजे के साथ घूम रहा था। इसी दौरान उतई थाना अंतर्गत उमरपोटी पुरई निवासी यश मेहरा उर्फ यशु (21 साल) वहां पहुंचा और राकेश ढीमर से विवाद करने लगा। दोनों के बीच हाथ-मुक्का से मारपीट भी हुई। जैसे झगड़ा होने के बारे में गोपी ढीमर को पता चला वह भी मौके पर बीच-बचाव करने पहुंच गया। गोपी को देख यश मेहरा ने अपने पास रखे धारदार चाकू को निकाला और उसके गले में वार करके भाग गया। गोपी वहीं लहूलुहान होकर गिर गया। लोग उसे बाइक से जिला अस्पताल दुर्ग लेकर गये। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंचे। एसपी ने दुर्ग सीएसपी के नेतृत्व में दुर्ग टीआई एसएन सिंह और एसीसीयू प्रभारी संतोष मिश्रा के साथ एक टीम गठित की। इस टीम ने रात में जगह-जगह छापेमारी करके आरोपी यश मेहरा को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में उपयोग किया गया धारदार हथियार जब्त कर लिया है।




