
रायपुर : छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती की वैधता समाप्त होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में हजारों डीएलएड (D.Ed) अभ्यर्थी सरकार से नियुक्ति की गुहार लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भावुक अपीलों और वीडियो के ज़रिए अभ्यर्थी अपनी वर्षों की मेहनत को बचाने की अपील कर रहे हैं।
READ MORE : इंडियन ओवरसीज बैंक लोन घोटाले में 1.65 करोड़ की धोखाधड़ी, विशेष कोर्ट में पेश किया गया 2000 पन्नों का चालान
नियुक्ति की राह में अब भी अड़चन
भूपेश बघेल सरकार के अंतिम वर्ष में 12 हजार से अधिक शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिनमें 6285 पद सहायक शिक्षकों के लिए थे। सहायक शिक्षक पद के लिए बीएड और डीएलएड दोनों योग्यताएं मान्य थीं। मगर कानूनी विवादों के चलते यह प्रक्रिया लटक गई।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद 2600 से अधिक बीएड अभ्यर्थियों को प्रयोगशाला सहायक के रूप में नियुक्त किया गया, लेकिन डीएलएड अभ्यर्थी अब भी नियुक्ति की प्रतीक्षा में हैं।
नई सरकार के प्रयास अधूरे
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने पांचवें चरण में 1299 अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी, लेकिन अब भी 1316 पद रिक्त हैं। अगर इसमें पूर्व के 984 खाली पदों को जोड़ा जाए, तो करीब 2300 पदों पर नियुक्ति की संभावनाएं हैं। फिर भी, छठवें चरण की काउंसलिंग अब तक शुरू नहीं हुई है, जिससे चयनित अभ्यर्थियों में गहरी निराशा और बेचैनी है।
READ MORE : CG POLICE TRANSFER : कानून व्यवस्था सुधारने SP वाय. अक्षय कुमार का बड़ा एक्शन, 10 TI और 3 SI के हुए तबादले
1 जुलाई को खत्म हो रही वैधता
सरकार द्वारा निर्धारित वैधता 1 जुलाई 2025 तक ही है। ऐसे में यदि इस तारीख तक नई काउंसलिंग शुरू नहीं हुई, तो डीएलएड चयनित अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है। अभ्यर्थियों ने सरकार से अपील की है कि काउंसलिंग शीघ्र शुरू कर उन्हें न्याय दिया जाए, जिससे उनकी वर्षों की मेहनत बेकार न जाए।




