Balotra Accident: गड्ढे में गिरने से 3 मासूमों की मौत, एक साथ बुझ गए 3 घरों के चिराग, पूरे गांव में पसरा मातम
बालोतरा। Balotra Accident: राजस्थान के बालोतरा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां खेलते समय तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक बच्चों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना पचपदरा क्षेत्र के मंडापुरा गांव की है। दोपहर के समय तीनों बच्चे घर के आसपास टायर घुमाकर खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे करीब 100 मीटर दूर स्थित एक खाली भूखंड तक पहुंच गए। वहां सीवरेज के गंदे पानी और कीचड़ से भरा एक गहरा गड्ढा था, जिसमें गिरने के बाद वे बाहर नहीं निकल पाए।
वहीं शाम तक जब बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने जांच शुरू की। गड्ढे के पास बच्चों की चप्पलें मिलने के बाद आशंका गहरी हो गई। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढे का पानी निकाला गया। तलाशी अभियान के दौरान तीनों बच्चों के शव बरामद हुए। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। मृत बच्चों की उम्र 7, 8 और 9 वर्ष बताई जा रही है।
Balotra Accident: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ग्राम पंचायत प्रशासन के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ था। बच्चों के गड्ढे में गिरने की किसी को भनक नहीं लगी, जिसके कारण समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से दुखी है।



