CG Weather Update: प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी, 48 घंटे तक कई जिलों में बरसेंगे बदरा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। रायपुर मौसम केंद्र ने 8 अगस्त 2026 को दोपहर 1:30 बजे जारी चेतावनी में प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले 24 घंटे इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चार जिलों सरगुजा, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्र्रा-मरवाही में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले 48 घंटे भी बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सूरजपुर और बलरामपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरिया, सरगुजा, कोरबा, बस्तर और बीजापुर में भारी बारिश हो सकती है।
बारिश के साथ बढ़ सकती हैं ये परेशानियां
भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने संभावित प्रभावों को लेकर लोगों को सावधान किया है।
- सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है।
- निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है।
- शहरों में जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है।
- भारी बारिश के दौरान दृश्यता कम हो सकती है।
- निचले पुलों और पुलियाओं पर पानी आने से आवागमन रोका जा सकता है।
- खेतों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
- लगातार बारिश से कुछ इलाकों में स्थानीय बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
CG Weather Update: रायपुर मौसम केंद्र ने भारी बारिश के दौरान लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की अपील की है। निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। अगले 48 घंटे छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए अहम रहने वाले हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी होने वाले अपडेट पर नजर रखना जरूरी है।





