Raipur Crime: राजधानी रायपुर के इस इलाके में मिली महिला की संदिग्ध लाश, इलाके में मचा हड़कंप
रायपुर। Raipur Crime: राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित स्वागत विहार कॉलोनी में गुरुवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का शव कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतका की पहचान सुभद्रा बाई साहू (35 वर्ष), निवासी बोरियाकला के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच महिला के साथ किसी गंभीर वारदात के बाद हत्या किए जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक कुछ भी स्पष्ट कहने से इनकार किया है।
Raipur Crime: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही महिला की मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।




