Gariaband News: सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, AK-47 समेत नक्सलियों का डंप हथियारों का जखीरा बरामद
गरियाबंद। Gariaband News: छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की है। संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के बोडेन थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटदरहा जंगल में CRPF और जिला स्वैच्छिक बल (DVF) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान जंगल में नक्सलियों द्वारा डंप किया गया हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया।
सुरक्षा बलों ने मौके से दो देशी बंदूक, AK-47 की मैगजीन, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद, दो टिफिन IED, आठ जिलेटिन स्टिक, बैटरी, सोलर प्लेट, नक्सली वर्दी तथा बारूद से भरे पटाखे सहित कई अन्य सामान जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नक्सली इन सामग्रियों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले और अन्य हिंसक गतिविधियों के लिए करने की तैयारी में थे।
Gariaband News: कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है, ताकि नक्सलियों के अन्य ठिकानों का भी पता लगाया जा सके। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री की जांच कर नक्सलियों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) अमृत पाल सिंह ने इस कार्रवाई और हथियारों की बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।




