UP Crime News: प्यार, धोखा और कत्ल! दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने की पहले प्रेमी की हत्या, पहले से थी शादीशुदा
मऊ। UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है जिसने रिश्तों और विश्वास की सीमाओं को झकझोर कर रख दिया है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने खुलासा किया है कि वारदात के पीछे प्रेम संबंध, आपसी विवाद और सुनियोजित साजिश की कहानी छिपी थी। मामले में एक महिला और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
किराये के कमरे में मिला युवक का शव
सोमवार सुबह मुंगेश्वर सुल्तानपुर स्थित कांशीराम कॉलोनी के एक किराये के कमरे में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के जंगीपुर निवासी असगर अली के रूप में हुई।
जांच में सामने आया प्रेम प्रसंग का एंगल
पुलिस के अनुसार, घटना का संबंध शहजादी नाम की महिला से जुड़ा है, जो पिछले करीब ढाई वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। महिला के पांच बच्चे हैं। पति से अलग होने के बाद उसकी पहचान असगर अली से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। समय बीतने के साथ दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। इसी दौरान महिला की नजदीकियां आकाश राव और सूरज राजभर से भी हो गईं। जब असगर को इन संबंधों की जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, असगर ने कई बार महिला के साथ मारपीट भी की थी।
हत्या की बनाई गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद से परेशान महिला ने अपने नए साथी आकाश राव के साथ मिलकर असगर की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत एक किराये का कमरा लिया गया, जहां असगर को बुलाया गया। सोमवार तड़के आकाश अपने साथी सूरज राजभर के साथ कमरे में पहुंचा। आरोप है कि जैसे ही असगर की नींद खुली, सूरज ने उसे पकड़ लिया और आकाश ने धारदार हथियार से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने महिला शहजादी और सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, हत्या का मुख्य आरोपी आकाश राव फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
UCC In CG: प्रदेश में UCC की तैयारी तेज, सरकार ने जनता से मांगे सुझाव, इसदिन तक दे सकते हैं अपनी राय
पुलिस कर रही आगे की जांच
UP Crime News: अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और आरोपियों से पूछताछ में प्रेम संबंध, आपसी रंजिश और ईर्ष्या के चलते हत्या की साजिश रचे जाने की पुष्टि हुई है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




