CG Cylinder Blast: जिले में बड़ा हादसा…सिलेंडर ब्लास्ट में SECL के डिप्टी मैनेजर की दर्दनाक मौत, धमाके की आवाज से दहल उठा ilaka
कोरिया। CG Cylinder Blast: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) क्षेत्र की चरचा कॉलरी के चाइना ब्लॉक में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर का नोजल खुला रह जाने से गैस रिसाव और उसके बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इसी के चलते सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिससे यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसईसीएल प्रबंधन और बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद पूरे एसईसीएल क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
CG Cylinder Blast: फिलहाल इस दुर्घटना ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं और गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।




