Durg News: लखनऊ अग्निकांड के बाद छत्तीसगढ़ में अलर्ट मोड पर आया दमकल विभाग, कोचिंग संस्थानों में चलाया विशेष निरीक्षण
दुर्ग। Durg News: उत्तरप्रदेश के लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में करीब 15 बच्चों की मौत हुई थी। वहीं इस हादसे के बाद कानपुर में करीब 22 कोचिंग संस्थाओं को सील कर दिया गया था। वहीं अब छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रशासन और अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के प्रमुख एजुकेशन हब सिविक सेंटर स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह और सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी की टीम ने कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत व्यवस्था और भवन सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।
दरअसल, जांच के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। सिविक सेंटर में संचालित करीब 100 से अधिक कोचिंग संस्थानों में से किसी भी संस्थान में फायर सेफ्टी के आवश्यक नियमों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा था। कई संस्थानों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले, तो कई जगहों पर आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा फायर अलार्म सिस्टम और प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की भी कमी पाई गई।
वहीं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली सभी कमियों की जानकारी कोचिंग संचालकों को दे दी गई है और उन्हें तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित कोचिंग संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
Durg News: दुर्ग जिले में हजारों विद्यार्थी रोजाना कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई करने पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी भविष्य में किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कोचिंग संचालक विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कितने गंभीर कदम उठाते हैं।




