CG Crime News: कलयुगी बेटे की खौफनाक करतूत, डंडे से ताबड़तोड़ वार कर की मां की हत्या, वजह जान पुलिस भी हुई हैरान

दंतेवाड़ा। CG Crime News: दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र में मां की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम धुरली टिटेमपारा की है, जहां करीब 60 वर्षीय बुधरी तेलाम की हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का बेटा सामु उर्फ श्याम तेलाम शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर में खाना नहीं मिलने की बात को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर बांस के डंडे से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल बुधरी तेलाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही भांसी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
CG Crime News: पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।




