
बिलासपुर : तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में खराब सड़क, बिजली और पानी की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान विरोध का अनोखा तरीका देखने को मिला, जब कांग्रेस नेता आशीष सिंह ने सड़क पर बने गड्ढों की पूजा-अर्चना कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
गड्ढों की पूजा, सलामती की प्रार्थना
धरने के दौरान आशीष सिंह ने राहगीरों की सुरक्षा की कामना करते हुए गड्ढों के जल्द भरने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि तखतपुर की जनता से वादाखिलाफी हुई है और आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोग परेशान हैं।
व्हाट्सऐप पर विरोध करने वालों को मिल रही धमकियाँ
आशीष सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बोलने की आज़ादी खत्म हो गई है। उन्होंने दावा किया कि धरना प्रदर्शन से पहले कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमकियाँ मिलीं, लेकिन कार्यकर्ता दबाव में आने वाले नहीं हैं।
हाईकोर्ट आदेश के बाद भी महज औपचारिक मरम्मत
मनियारी पुल से बेलसरी तक की जर्जर सड़क पर बात करते हुए सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट ने मरम्मत के आदेश दिए थे, लेकिन प्रशासन ने सिर्फ दिखावटी काम किया है। स्कूली बच्चों को जूते-मोजे हाथ में लेकर स्कूल जाना पड़ रहा है।
गांधी पुतला तक पैदल मार्च, गड्ढों की फिर पूजा
धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनियारी पुल से गांधी पुतला तक पैदल मार्च निकाला। वहां एक बार फिर सड़क के गड्ढों की पूजा कर सरकार की नाकामी को उजागर किया गया।
चक्का जाम के बाद एफआईआर, 14 पर मामला दर्ज
प्रदर्शन के दौरान हुए चक्का जाम को लेकर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 लोगों पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की। दो नाबालिगों को थाने से छोड़ दिया गया जबकि शेष 12 को कोर्ट में पेश कर चेतावनी के साथ रिहा किया गया।

केंद्रीय मंत्री का काफिला फंसा, रूट बदला
प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का काफिला भी जाम में फंस गया, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें वैकल्पिक रूट से मुंगेली रवाना किया।
इस विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत समस्याओं और प्रशासनिक लापरवाही को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा।




