Raipur Blue water: नवा रायपुर का ब्लू वाटर खदान होगा प्रतिबंधित, चारों ओर होगी फेंसिंग
रायपुर। Raipur Blue water: नवा रायपुर स्थित चर्चित ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाएगा। साथ ही खदान के चारों ओर सुरक्षा के लिए फेंसिंग कराई जाएगी।
हादसों के बाद प्रशासन सख्त
ब्लू वाटर खदान में आए दिन लोगों के पहुंचने और गहरे पानी में जाने के कारण हादसे सामने आते रहे हैं। हाल ही में युवक आदिल खान के डूबने की घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। लंबे समय तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक को तलाशने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अब प्रशासन खदान क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोकने की दिशा में कदम उठा रहा है।
खदान के चारों ओर होगी फेंसिंग
मंत्री टंक राम वर्मा के मुताबिक, ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित करने के साथ ही इसके आसपास फेंसिंग कराई जाएगी, ताकि लोग खतरनाक हिस्से तक न पहुंच सकें। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी अन्य कदम भी उठाए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि ब्लू वाटर खदान में सुरक्षा और बचाव से जुड़े कार्यों के लिए बाहर से टीम बुलाई गई है, जो लगातार मौके पर काम कर रही है। विशेषज्ञ टीम की मदद से क्षेत्र की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जा रहा है।
हादसों पर रोक लगाने की कवायद
Raipur Blue water: ब्लू वाटर की खूबसूरती देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन गहराई और पानी के भीतर मौजूद खतरे का अंदाजा नहीं होने के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अब प्रतिबंध और फेंसिंग के जरिए प्रशासन का मकसद लोगों को खदान के खतरनाक हिस्से में जाने से रोकना और भविष्य में होने वाले हादसों पर लगाम लगाना है।




